आईपीएल सीजन 15 का 56 वा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया जिसमें कोलकाता में 52 रनों से यह मैच जीतकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। इसी हार के साथ मुंबई इंडियंस को उसकी 11 मैचों में 9वी हार का सामना करना पड़ा, यह पहला मौका है जब मुंबई इंडियंस को एक सीजन में 9 मैचों में पराजय झेलनी पड़ी। कोलकाता इस जीत से पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गया है ।उसके 12 मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हैं। इस मैच में कोलकाता से मिले 166 रनों के लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस 113 रनों पर ढेर हो गई।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। इस मैच में लंबे समय बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी हुई, इस बार ओपनिंग करने उतरे वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। वेंकटेश अय्यर ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की पारी खेली। पहला विकेट गिरने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। इसकी वजह थी जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी। बुमराह की गेंदबाजी का आलम यह था कि उन्होंने 4 ओवर में मात्र 10 रन देते हुए पांच विकेट चटकाए। नितीश राणा ने एक छोर से पारी संभाले रखी,लेकिन वो भी 43 रनों पर आउट हो गए।अजिंक्य रहाणे ने शुरूआत अच्छी की लेकिन वो बड़ी पारी नहीं खेल सके।वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर, आंद्रे रसैल और सुनील नारायण फिर से नाकाम रहे।केकेआर से सिर्फ 4 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। मुंबई की तरफ से बुमराह के अलावा कुमार कार्तिकेय को दो विकेट मिले।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत फिर से अच्छी नहीं हुई और कप्तान रोहित शर्मा 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।इसके बाद उन्होंने लगातार विकेट खोए,हालांकि एक छोर पर ईशान किशन डटे रहे, लेकिन उनको दूसरी तरफ से साथ नहीं मिला।तिलक वर्मा रसल का शिकार बने तो टिम डेविड को वरुण चक्रवर्ती ने आउट किया, वहीं कीरोन पोलार्ड रन आउट हो गए।इशान किशन ने शानदार पारी खेलते हुए 43 गेंदों में 51 रन बनाए। पोलार्ड 15 रनों के साथ दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे।मुंबई के भी मात्र चार बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू सके। कोलकाता की तरफ से पैट कमिंस ने 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए वहीं आंद्रे रसैल को दो विकेट मिले।
संक्षिप्त स्कोर
केकेआर 165-9 (20 ओवर)
बल्लेबाजी: नितीश राणा 43(26), वेंकटेश अय्यर 43(24) बॉलिंग: बुमराह 5/10,कुमार कार्तिकेय 2/32
एमआई 113-10 (17.3 ओवर)
बल्लेबाजी: ईशान किशन (wk) 51(43),कीरोन पोलार्ड 15(16)
बॉलिंग: पैट कमिंस 3/22,आंद्रे रसेल 2/22
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 52 रन से जीत दर्ज की

Write a Comment