Ads Area

IND vs SA: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया, सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

 


भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से करारी शिकस्त देते हुए सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबला रविवार को धर्मशाला स्टेडियम में खेला गया। 

भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। IND vs SA T20 2025 मैच में भारतीय गेंदबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। शुरुआती ओवरों में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की घातक गेंदबाजी के सामने साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी बिखर गई।

भारत को पहली सफलता पहले ही ओवर में मिल गई। जब अर्शदीप सिंह ने चौथी गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स (0) को एलबीडब्ल्यू आउट किया और हेंड्रिक्स बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

दूसरे ओवर में हर्षित राणा ने साउथ अफ्रीका को दूसरा झटका दिया। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को (1) एलबीडब्ल्यू कर अपना शिकार बनाया। हर्षित यहीं नहीं रुके और चौथे ओवर की पहली गेंद पर युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को बोल्ड कर दिया। ब्रेविस 7 गेंदों में 2 रन ही बना सके।

पावरप्ले के छह ओवरों में दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 25 रन बनाए। पावरप्ले के बाद मार्करम 17 और ट्रिस्टन स्टब्स 5 रन बनाकर क्रीज पर थे।

वहीं, सातवें ओवर में हार्दिक पांड्या ने ट्रिस्टन स्टब्स को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराकर भारत को चौथी सफलता दिलाई। स्टब्स ने 13 गेंदों में 9 रन बनाए। 

INDvSA मैच में 10 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 44/4 रन रहा। कप्तान एडेन मार्करम 28 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे, जबकि कॉर्बिन बॉश ने 4 रन बनाए। 

दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम 44 रन पर पवेलियन लौट गई जब शिवम दुबे ने कॉर्बिन बॉश को आउट कर पांचवां विकेट लिया। 

बॉश 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मार्करम और डोनोवान फेरेरा ने पारी संभालने की कोशिश की और टीम का स्कोर 60 रन के पार पहुंचाया।

हालांकि, वरुण चक्रवर्ती ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए डोनोवान फेरेरा को बोल्ड कर दिया। फेरेरा ने 15 गेंदों में 20 रन बनाए। 

इसके बाद मार्को यानसेन (2) और एडेन मार्करम (61) भी अपना विकेट गंवा बैठे। इस तरह दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 117 रनों पर ऑलआउट हो गई। 

भारतीय गेंदाबाजों की बात करें तो अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जबकि हार्दिक और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट चटकाए। 

दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर भारत के इरादे साफ कर दिए। पहले ओवर में ही भारतीय टीम ने 16 रन बटोर लिए।

दोनों सलामी बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। शुरुआती पांच ओवर में भारत ने बिना किसी विकेट के नुकसान पर 60 रन जोड़ लिए और मुकाबले को पूरी तरह अपनी पकड़ में ले लिया।

हालांकि, इसके बाद भारत को पहला झटका लगा। अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी का अंत छठे ओवर में हुआ, जब कॉर्बिन बॉश की गेंद पर कप्तान एडेन मार्करम ने उनका कैच लपका।

अभिषेक ने 18 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इसके बाद क्रीज पर गिल का साथ देने तिलक वर्मा आए। 

लेकिन इस बीच शुभमन गिल (28) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे (10*) और तिलक वर्मा (26*) ने मिलकर इस लक्ष्य को बड़ी आसानी से अपने नाम कर लिया।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad

Below Post Ad